• support@dalhangyanmancs.res.in

फली भेदक (हेलिकोवर्पा आर्मीजेरा)

कीट व रोग अभिज्ञान प्रणाली

फली भेदक (हेलिकोवर्पा आर्मीजेरा )
चना फली भेदक (हेलिकोवर्पा आर्मीजेरा ) अरहर का प्रमुख हानिकारक कीट है। यह कीट प्रतिवर्ष लगभग 20-30 प्रतिशत तक अरहर की फसल को हानि पहुँचाता है। अत्यधिक प्रजनन व पलायन क्षमता के साथ ही साथ बहुभक्षी होना इस के प्रमुख हानिकारक कीट होने का मूल कारण है। अनुकूल वातावरण मिलने पर इसका प्रकोप बढ़ जाता है जिससे पूरी फसल तक नष्ट हो सकती है। शरद ऋतु के बाद फरवरी और मार्च में तापमान बढ़ने के साथ-साथ चना फली भेदक का प्रकोप बढ़ जाता है। वयस्क सूंड़ी अरहर की फलियों में छेद करके दानों को नुकसान पहुँचाती है। प्रायः किसान इस कीट के प्रकोप को उस समय समझ पाते हैं जब सूंड़ी बड़ी होकर अरहर की फसल को 5-7 प्रतिशत तक नुकसान पहुँचा चुकी होती है। इस अवस्था में चना फली भेदक को नियंत्रण कर पाना काफी कठिन और मुश्किल होता है जिससे किसानों को आर्थिक क्षति होती है।
चना फली भेदक का जीवन चक्र 30-37 दिन का और इसमें चार अवस्थायें होती हैं-अण्डा, सूंड़ी, कोषक एवं पतंगा। मादा पतंगा अपने जीवन काल में 500-1700 अंडे देती हैं। इन अंडों से 5-7 दिनों में सूड़ी निकल आती हैं। चना फली भेदक की सूड़ी 12-14 दिनों में 5-6 बार अपना केचुल बदलते हुए बड़ी होती हैं। इसकी सूंड़ी ही फसल को नुकसान पहुचाती है और धीरे - धीरे कोषक में परिवर्तित हो जाती है। यह कोषक सुप्त अवस्था में जमीन के अंदर पड़ा रहता हैं और 8-10 दिनों बाद अनुकूल वातावरण मिलने पर कोषक से पतंगा निकलता है।

प्रबन्धन

  • गर्मियों में खेतों की गहरी जुताई करें
  • अरहर की बुआई समय से (अगेती अरहर 15-20 जून, पिछेती अरहर की बुवाई 15-20 जुलाई) करनी चाहिए। 
  • अरहर की फसल में ज्वार की अन्तः फसल लेने से चना फली भेदक का प्रकोप कम हो जाता है।
  • खेत में फिरोमोन ट्रेप लगाएं (5 प्रति हे.)
  • चना फली भेदक की 1-2 सूड़ी प्रति पौधा मिलने पर निम्नलिखित कीटनाशकों का छिड़काव करें।                    

1. 1.0 से 1.5 किग्रा./हे. बेसिलस थूरिंजिएंसिस कुर्सटाकी 1000 लीटर पानी में घोलकर छिडकाव करने पर तीसरे इन्स्टार सूडी का प्रबन्धन हो सकता है।
                          या
2. ईमामेक्टीन बेन्जोएट 5 एस.जी. (0.3 ग्रा. या/ली.) की दर से या इन्डेक्सोकार्ब 15.8 ई.सी. (0.5 मि.ली./ली.) या स्पाईनोसाड 45 प्रतिशत एस.सी. (0.2 मि.ली./ली.) का छिड़काव करें।
                           या 
3. एच.ए. (2.0%AS) एन.पी.वी. 1 मि.ली./ली. या नीम का तेल (0.03 %) 5 मि.ली./ली. पानी का छिड़काव करें।